Balod Suicide Case: प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पटरी पर मिले क्षत-विक्षत शव

छत्तीसगढ़ के बालोद में प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने आकर अपनी जान दे दी। घटना दल्लीराजहरा-अंतागढ़ रेल मार्ग पर सलहाईटोला स्टॉपेज के पास हुई, जहां दोनों के शव क्षत-विक्षत हालत में रेलवे पटरी पर मिले।
तड़के पटरी पर पहुंचे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती बुधवार तड़के रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और पटरी पर लेट गए। उसी दौरान वहां से गुजर रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का सिर और हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि युवती के शरीर के कई हिस्से कट गए।
10वीं की छात्रा थी युवती
मृतकों की पहचान जितेश्वर तारम और लीलेश्वरी उइके के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती 10वीं कक्षा की छात्रा थी और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।
शाम से लापता थी लड़की
परिजनों के मुताबिक युवती मंगलवार शाम से घर से लापता थी। उसकी तलाश की जा रही थी और थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। इसी दौरान पुलिस को ट्रेन हादसे की सूचना मिली।
मौके पर मिली बाइक
घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक भी मिली है, जो युवक की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी है।
हर पहलू से जांच जारी
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Thaneshwar Sahu
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
